रायपुर। राजधानी रायपुर की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चार निरीक्षकों (TI) की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया गया है। इस बदलाव के तहत शहर के तीन प्रमुख थानों—तेलीबांधा, आमानाका और उरला की कमान नए प्रभारियों को सौंपी गई है।
किसे मिली कहाँ की जिम्मेदारी?
कमिश्नरेट से जारी तबादला आदेश के अनुसार निम्नलिखित अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है:
- आमानाका थाना: निरीक्षक अजय झा को नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
- उरला थाना: निरीक्षक सुधांशु बघेल को उरला थाने की कमान सौंपी गई है।
- तेलीबांधा थाना: निरीक्षक रोहित मालेकर अब तेलीबांधा के नए थाना प्रभारी होंगे।
- रक्षित केंद्र (लाइन अटैच): टिकरापारा थाने में पदस्थ प्रमोटी निरीक्षक बालेश्वर लहरे को रक्षित केंद्र भेजा गया है।
समीक्षा बैठक के ठीक बाद हुई कार्रवाई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने शहर के सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था, लंबित आपराधिक मामलों और आम जनता की शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर गहन चर्चा हुई थी। कमिश्नर ने प्रभारियों से उनके कामकाज को लेकर जवाब-तलब भी किया था।
इस बैठक के अगले ही दिन चारों निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी कर दिया गया। हालांकि, विभागीय आदेश में इन तबादलों के पीछे की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है, लेकिन इसे समीक्षा बैठक के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद इन प्रमुख थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग और लंबित मामलों के निपटारे में कितनी तेजी आती है।



