कांकेर 14 नवंबर 2026। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर जेबकतरों ने जमकर हाथ साफ किया। नरहरपुर क्षेत्र के ग्राम सुरही में आयोजित स्वागत सभा में भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरों ने कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से 30 हजार रुपये नकद पार कर दिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कार्यक्रम में जेबकतरों की सक्रियता को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन पर नरहरपुर ब्लॉक के सुरही में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान अपने नेता की एक झलक पाने और स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर काफी धक्का-मुक्की और भीड़भाड़ की स्थिति थी। इसी का फायदा उठाते हुए भीड़ में शामिल अज्ञात जेबकतरों ने कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव को निशाना बनाया और बड़ी सफाई से उनकी जेब में रखे 30 हजार रुपये उड़ा लिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्यक्रम के कुछ देर बाद जब नरेंद्र यादव को अपनी जेब कटने का एहसास हुआ, तो वहां हड़कंप मच गया। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जेबकतरों का कोई सुराग नहीं लग सका। बड़े राजनीतिक आयोजन के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम के भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




