Homeकांकेरधर्मांतरण की आशंका पर तनाव! जन्मदिन या प्रार्थना सभा के विवाद में...

धर्मांतरण की आशंका पर तनाव! जन्मदिन या प्रार्थना सभा के विवाद में 3 दिन से पुलिस बल तैनात

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरण की आशंका को लेकर ग्रामीणों और एक परिवार के बीच भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एक ग्रामीण के घर पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। प्रशासन और पुलिस की सूझबूझ से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पिछले तीन दिनों से गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीण और परिवार आमने-सामने, विवाद बढ़ा

मिली जानकारी के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव में स्थित एक घर में अचानक भारी संख्या में बाहरी और स्थानीय लोग एकत्र हुए थे। इसके बाद गांव में यह चर्चा तेजी से फैल गई कि वहां धर्मांतरण के उद्देश्य से एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है।

इस बात से नाराज होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हुए और संबंधित घर का घेराव कर दिया। देखते ही देखते मौके पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे गांव में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।

मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही आमाबेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी रवाना किया गया। मामले को शांत कराने के लिए अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी (ASP) को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से लंबी बातचीत की और समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।

मकान मालिक का दावा: ‘बेटी का जन्मदिन था’

इस पूरे विवाद पर घर के मालिक ने धर्मांतरण और प्रार्थना सभा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मकान मालिक का कहना है कि उनके घर में किसी भी प्रकार का धार्मिक आयोजन या धर्मांतरण नहीं चल रहा था, बल्कि उनकी बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए ही रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में वहां पहुंचे थे। वहीं, दूसरी ओर ग्रामीण अब भी धर्मांतरण की आशंका पर अड़े हुए हैं।

गांव में पुलिस छावनी, जांच जारी

प्रशासन की समझाइश के बाद फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। हालांकि, किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियातन तीन दिन बाद भी गांव में पुलिस बल मुस्तैद है। पुलिस प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है। मौके पर मौजूद लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि उस दिन घर के भीतर वास्तव में किस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments