रायपुर: दीपावली के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने संवेदनशीलता और आत्मीयता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। जहां एक ओर पूरा प्रदेश अपने परिवारों के साथ त्योहार के उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं सड़कों पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों का हौसला बढ़ाने के लिए मंत्री खुद जमीन पर उतरे।
रायपुर से दुर्ग प्रवास (यात्रा) के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न व्यस्त चौक-चौराहों पर अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस और यातायात पुलिस (ट्रैफिक) के जवानों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
त्योहार के दिन भी कर्तव्य पथ पर अडिग रहने वाले इन जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा, “जवानों का यह समर्पण ही हमारे उत्सवों की वास्तविक नींव है।” उन्होंने सभी मुस्तैद जवानों को मिठाई के डिब्बे और उपहार भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मंत्री की इस सहृदयता और औचक मुलाकात से ऑन-ड्यूटी जवानों का उत्साह और मनोबल काफी बढ़ गया।




