- संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने दिए कड़े निर्देश
- बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी और कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा
- शिक्षकों के लंबित मामलों और पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
रायपुर/ब्यूरो। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आज शिक्षा विभाग के संभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम (सिलेबस) पूरा कराया जाए और शैक्षणिक गतिविधियों की लगातार निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण और जवाबदेही पर जोर
मंत्री श्री यादव ने सभी संभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में शासन के नियमों का पालन नहीं हो रहा है, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बोर्ड परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी शिक्षक के अवकाश पर जाने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए स्कूलों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तिमाही परीक्षा के परिणामों का आकलन कर कमजोर छात्रों के स्तर में सुधार लाने और अर्धवार्षिक व बोर्ड परीक्षाओं के लिए उन्हें बेहतर ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जिलों में नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
हर शनिवार योग-खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार को स्कूलों में कम से कम एक घंटे योग और खेल गतिविधियों का आयोजन हो, जिसमें सभी बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्काउट-गाइड, एनसीसी और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीटीआई) के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय पर्वों, त्योहारों और वीर शहीदों की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
‘हमारा स्वच्छ स्कूल’ अभियान
विद्यालय परिसरों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए मंत्री ने सभी स्कूलों में ‘हमारा स्वच्छ स्कूल’ अभियान के तहत नियमित साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने इस अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
कर्मचारियों के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा
बैठक के अंत में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) के स्तर पर लंबित सेवा पुस्तिका और पासबुक सत्यापन के लिए हर महीने शिविर या बैठक आयोजित कर इनका निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेंशन, निलंबन और न्यायालय से जुड़े मामलों की समीक्षा कर समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने को कहा।



