रायपुर/नारायणपुर। एक समारोह के दौरान अतिथियों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध काष्ठ शिल्पकार मंडावी से आत्मीय भेंट की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने काष्ठ शिल्प के प्रति उनके दशकों के समर्पण और इस पारंपरिक कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के निरंतर प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना की।
जनजातीय संस्कृति के संवाहक हैं मंडावी
बस्तर संभाग के नारायणपुर निवासी मंडावी की शिल्प कृतियों में जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिलती है। कला और संस्कृति के क्षेत्र में इसी उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर अबूझमाड़िया युवाओं को किया प्रशिक्षित
भेंट के दौरान मंडावी ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने अपने पिछले अबूझमाड़ प्रवास के दौरान उनसे स्थानीय युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री की इस पहल पर अमल करते हुए उन्होंने लगभग एक माह तक विशेष प्रशिक्षण शिविर चलाकर 12 अबूझमाड़िया युवाओं को इस पारंपरिक कला की बारीकियां सिखाईं।
मंडावी का मानना है कि कोई भी पारंपरिक कला तभी लंबे समय तक जीवंत रह सकती है, जब उसका ज्ञान और कौशल नई पीढ़ी को हस्तांतरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस सार्थक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए इसे बस्तर की कला को नई पहचान दिलाने वाला कदम बताया।



