रायपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ने ऐसे खिलाड़ियों को बड़ी आर्थिक राहत देने का फैसला किया है। अब ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड (एशियन गेम्स) और राष्ट्रमंडल (कॉमनवेल्थ) खेलों जैसे बड़े टूर्नामेंट में जाने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सरकार की ओर से अधिकतम 3 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यात्रा खर्च और महंगे खेल उपकरणों की खरीदी में मिलेगी मदद
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना’ शुरू की है और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन मंगाए हैं। इस योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में आने-जाने का वास्तविक यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरण खरीदने के लिए राशि दी जाएगी। हालांकि, इस पूरी सहायता की अधिकतम सीमा 3 लाख रुपए तय की गई है। वास्तविक खर्च और 3 लाख रुपए में से जो भी राशि कम होगी, वही स्वीकृत की जाएगी। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार ही इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें और दस्तावेज
- निवासी और प्रतिनिधित्व: आवेदक खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है।
- चयन प्रमाण पत्र: आवेदन के साथ प्रतियोगिता में चयन और भागीदारी का प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
- यात्रा के दस्तावेज: यात्रा खर्च का लाभ लेने के लिए टिकट और अन्य संबंधित बिल लगाने होंगे।
- उपकरणों का कोटेशन: खेल उपकरणों के लिए प्रमाणित कोटेशन और दरों का विवरण देना जरूरी है। इसमें खिलाड़ी की मांग और बाजार मूल्य में से जो कम होगा, वही मान्य किया जाएगा।
आर्थिक बाधाएं होंगी दूर, 30 नवंबर तक करें आवेदन
अक्सर आर्थिक तंगी और महंगे खेल उपकरण न खरीद पाने की वजह से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाते थे। सरकार की इस पहल से खिलाड़ियों की राह आसान होगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र खिलाड़ी 30 नवंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।



