Homeछत्तीसगढमहासमुंद में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई आबकारी टीम पर...

महासमुंद में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई आबकारी टीम पर हमला, 2 उप निरीक्षक समेत 6 कर्मचारी घायल

महासमुंद, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर लगाम लगाने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर शराब कोचियों ने जानलेवा हमला कर दिया। बागबाहरा थाना क्षेत्र के बोकरामुड़ा-जामगांव इलाके में हुई इस वारदात में दो आबकारी उप निरीक्षक (SI) और एक महिला कर्मचारी सहित कुल 6 लोग घायल हुए हैं। हमलावरों ने विभाग की सरकारी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की।

छापेमारी के दौरान भड़के शराब कोचिए
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की टीम बागबाहरा क्षेत्र में अवैध महुआ शराब की बिक्री और निर्माण की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी। कार्रवाई से नाराज शराब कोचियों ने टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त, दस्तावेज फाड़ने का आरोप
आरोपियों ने लाठी-डंडों से आबकारी कर्मचारियों की पिटाई की, जिसमें दो उप निरीक्षक, एक महिला कर्मी और प्लेसमेंट कर्मचारी (सेल्समैन/आरक्षक) घायल हो गए। इस दौरान उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और शासकीय दस्तावेज भी फाड़ दिए।

अस्पताल में भर्ती घायल, पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आबकारी अमले को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भर्ती कराया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है और विभाग की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments