भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित केंद्रीय जेल में ड्यूटी के दौरान एक 58 वर्षीय महिला प्रहरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी पर जबरन दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी जेलर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी के दौरान वारदात का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात करीब 10:30 बजे महिला प्रहरी जेल परिसर में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान वहां प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि जेलर ने पहले उनसे अश्लील बातचीत की और फिर जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
देर रात थाने पहुंची पीड़िता, जांच में जुटी पुलिस
वारदात से घबराई महिला प्रहरी देर रात अपनी बेटी के साथ गांधी नगर थाने पहुंचीं और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज की और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस की एक टीम ने सेंट्रल जेल परिसर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया है। मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस जेल परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और घटना वाली रात के ड्यूटी रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
जेल प्रशासन ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, इस मामले में केंद्रीय जेल प्रशासन का पक्ष भी सामने आया है। जेल प्रशासन ने अपनी सफाई में महिला प्रहरी के पुराने सेवा आचरण और रिकॉर्ड का हवाला दिया है। प्रशासन का कहना है कि शिकायतकर्ता महिला पूर्व में भी अन्य अधिकारियों के खिलाफ इस तरह के आवेदन दे चुकी हैं, जिसे देखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सबूत जुटाने में लगी है।



