जशपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं और सामाजिक एकजुटता प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। रौतिया समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और रीति-रिवाजों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है, जिसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित ‘सोहराई करमा महोत्सव’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रौतिया समाज को एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा मद से 50-50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ‘अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन’ और ‘अखरा विकास कार्यों’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही, समाज की मांग पर उन्होंने भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
पारंपरिक अंदाज में हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर रौतिया समाज के लोगों ने पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।
समाज की एकता का केंद्र बनेगा नया भवन
महोत्सव और नवनिर्मित भवन के लोकार्पण पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बना यह भव्य भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों व संस्कारों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।



