Homeछत्तीसगढरायगढ़ में किसानों को बड़ी सौगात: केलो परियोजना से खेतों तक पहुंचेगा...

रायगढ़ में किसानों को बड़ी सौगात: केलो परियोजना से खेतों तक पहुंचेगा पानी, CM साय ने कोलता समाज के भवनों के लिए की 80 लाख की घोषणा

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिले के किसानों और स्थानीय कोलता समाज को बड़ी सौगातों से नवाजा है। रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

केलो परियोजना से संवरेगा किसानों का भविष्य

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि केलो परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और खेती को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार कृषि विकास और अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कोलता समाज के भवनों के लिए 80 लाख रुपये की बड़ी घोषणा

कोलता समाज की मांग और उनकी सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कुल 80 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक व मंगल भवनों के निर्माण की घोषणा की। इसके तहत:

  • नगर पंचायत पुसौर में मंगल भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
  • चंडी डोंगरी (कोतरलिया) में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

नुआखाई पर्व पर दी बधाई, प्रतिभावान छात्र हुए सम्मानित

मुख्यमंत्री साय ने समाज के लोगों को नई फसल और समृद्धि से जुड़े पारंपरिक त्योहार नुआखाई की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया।

समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने समाज के संस्कारों व ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए युवाओं को प्रशासनिक और उच्च तकनीकी सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments