बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रेमनगर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से छात्रों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बाल नहीं कटवाने पर एक शिक्षक ने दो छात्रों को बंद कमरे में ले जाकर डंडे से बेरहमी से पीटा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक ने दोनों छात्रों को एक कमरे में ले जाकर डंडे से उनकी पिटाई की। आरोप है कि छात्रों की पिटाई केवल इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने स्कूल के निर्देशानुसार बाल नहीं कटवाए थे।
पीड़ित छात्रों का आरोप है कि मारपीट के बाद शिक्षक ने उन्हें इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं देने की धमकी भी दी। इससे छात्र काफी डरे और सहमे हुए हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग उठ रही है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




