रायपुर/चंदखुरी। राजधानी रायपुर का विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र आज प्रदेश के सबसे व्यस्त और संवेदनशील यातायात केंद्रों में शामिल हो चुका है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव, सड़क किनारे अतिक्रमण और हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के बाद चंदखुरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी अनिल टंडन ने क्षेत्र में तत्काल ट्रैफिक सिग्नल लगाने, स्थायी ट्रैफिक पुलिस तैनात करने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई है।
अनिल टंडन ने कहा कि विधानसभा ओवरब्रिज, पिरदा चौक, नया रायपुर, बिलासपुर रोड और बलौदाबाजार मार्ग को जोड़ने वाला यह जंक्शन राजधानी का प्रमुख एजुकेशन हब बन चुका है। इस क्षेत्र में सैकड़ों निजी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और शैक्षणिक परिसर संचालित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, पालक और कर्मचारी आवागमन करते हैं। स्कूल और कॉलेज समय में एक हजार से अधिक स्कूल बसें इसी मार्ग से गुजरती हैं, जिससे यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि नया रायपुर से आने वाला मार्ग पिरदा चौक पर बिलासपुर रोड को क्रॉस करता है, वहीं राजधानी रायपुर से आने वाला मार्ग बलौदाबाजार रोड को जोड़ता है। चारों दिशाओं से भारी वाहनों, स्कूल बसों, कारों और दोपहिया वाहनों का आवागमन होने के बावजूद यहां ट्रैफिक सिग्नल की कोई व्यवस्था नहीं है। नतीजतन सुबह और शाम के समय लंबा जाम लगना आम बात हो गई है।
अनिल टंडन ने कहा कि दो दिन पहले इसी क्षेत्र में हुई दुर्घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गंभीर कमी को उजागर कर दिया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे बड़ी संख्या में ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं। कई स्थानों पर ग्राहक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि स्कूल बसों, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी प्रभावित होते हैं।
अनिल टंडन ने कहा, “जब राजधानी के सबसे बड़े एजुकेशन हब में हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा दांव पर लगी हो, तब प्रशासन का मौन रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय अभी से प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। ट्रैफिक सिग्नल, नियमित ट्रैफिक पुलिस और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तत्काल शुरू होनी चाहिए।”
उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, यातायात विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों, पालकों, स्कूल संचालकों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
अनिल टंडन ने कहा कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है और विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र को दुर्घटनामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन को तत्काल निर्णय लेना चाहिए।




