आरंग। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरंग पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से आरंग पुलिस द्वारा देर रात थाना क्षेत्र में एक विशेष व सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान की कमान स्वयं आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने संभाली। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग (औचक निरीक्षण) करते हुए असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
संचालकों को सख्त हिदायत और समझाइश
जांच के दौरान थाना प्रभारी हरीश साहू ने सभी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और लॉज संचालकों की बैठक लेकर उन्हें कड़े निर्देश व समझाइश दी।
थाना प्रभारी की मुख्य हिदायतेंः
बिना वैध पहचान पत्र (ID Proof) के किसी भी व्यक्ति को कमरा या स्थान न दें।
ठहरने वाले हर व्यक्ति का पूर्ण विवरण रजिस्टर में दर्ज करें।
परिसर में सीसीटीवी कैमरे (CCTV) अनिवार्य रूप से चालू स्थिति में रखें।
होटल, ढाबों और लॉज में हड़कंप
अभियान के तहत आरंग थाना प्रभारी और पुलिस बल ने नगर व आसपास के क्षेत्रों में स्थित होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और लॉज में अचानक दबिश दी। औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस ने रुकने वाले मुसाफिरों के रजिस्टर, पहचान पत्रों और वहां ठहरने वाले लोगों की बारकी से जांच की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों और नियम विरुद्ध काम करने वालों में हड़कंप मच गया।
“क्षेत्र में अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं होंगी” – थाना प्रभारी
निरीक्षण के दौरान आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने सख्त लहजे में दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि “क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले या संदिग्धों को पनाह देने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस की पैनी नजर हर संदिग्ध गतिविधि पर बनी हुई है।
आरंग पुलिस की आम जनता से अपील
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए आरंग पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने जनता से कहा है किः
यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना संकोच आरंग थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आरंग पुलिस का यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




