Homeछत्तीसगढCG ब्रेकिंग: मानसून सत्र से पहले भाजपा की रणनीतिक बैठक आज, मुख्यमंत्री...

CG ब्रेकिंग: मानसून सत्र से पहले भाजपा की रणनीतिक बैठक आज, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुलाई विधायक दल की अहम बैठक…

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार, 7 जुलाई की शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। विधायक दल के सचिव की ओर से सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। माना जा रहा है कि विपक्ष द्वारा उठाए जा सकने वाले मुद्दों, संभावित सवालों और सरकार की ओर से दिए जाने वाले जवाबों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और सरकार की प्राथमिकताओं पर भी मंथन होगा।

सूत्रों के अनुसार, सरकार मानसून सत्र के दौरान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक उपलब्धियों को प्रमुखता से सदन में रखने की तैयारी कर रही है। वहीं विपक्ष द्वारा कानून-व्यवस्था, किसानों, बिजली-पानी, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की संभावना को देखते हुए भाजपा विधायक दल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार, 6 जुलाई को राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी। इसके बाद विधायक दल की बैठक को विधानसभा सत्र की तैयारियों की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित होगा। पांच दिवसीय इस सत्र में कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के दौरान वित्तीय एवं अन्य शासकीय कार्यों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विधायी और जनहित के विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में भाजपा विधायक दल की यह बैठक आगामी सत्र की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments