पैर में चोट लगने के कारण चलने में हो रही थी परेशानी; बेहतर इलाज के लिए राजधानी के बालाजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय को बेहतर उपचार के लिए अपने हेलीकॉप्टर से जशपुर से रायपुर लाया है।
फिसलकर गिरने से पैर में आई थी चोट
आज राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय अपने घर पर फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई है।
जशपुर प्रवास के दौरान की थी मुलाकात
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान वे नंदकुमार साय के निवास के समीप ही एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान वे रात में उनके घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी।
असुविधा से बचाने के लिए हेलीकॉप्टर से लाए साथ
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि चूंकि उन्हें आज रायपुर वापस आना ही था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर में बैठाकर रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि सड़क मार्ग की लंबी यात्रा से उन्हें कोई असुविधा न हो और समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बालाजी अस्पताल में चल रहा उपचार
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नंदकुमार साय के बेहतर इलाज के लिए राजधानी रायपुर के बालाजी अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।




