जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के तपकरा में आयोजित छठ महापर्व कार्यक्रम में शामिल होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए तपकरा में नए छठ घाट के निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है:
- तपकरा: यहां नए छठ घाट का निर्माण किया जाएगा।
- दराखारिका: 4 करोड़ रुपए की लागत से नया छठ घाट बनेगा।
- कुनकुरी: 5 करोड़ रुपए की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण पहले ही कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व को लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। इसके साथ ही उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष हेमन्ती साय, भरत साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



