नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए CNG को लेकर अहम खबर है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। नई दर शनिवार सुबह 6 बजे से लागू होगी। इसके बाद दिल्ली-NCR में CNG से वाहन चलाने वालों को पहले के मुकाबले ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
NCR में CNG के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। आपको बता दें कि यह इस साल CNG की कीमत में पांचवीं बढ़ोतरी है। बढ़ी हुई नई दरें दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा (Noida CNG price today) और गाजियाबाद (Ghaziabad CNG price) में भी तुरंत लागू होंगी। इससे ऑटो, कैब और प्राइवेट कार चालकों का सफर महंगा हो जाएगा। नोएडा और गाजियाबाद में CNG का नया दाम 95.59 रुपये प्रति किलो है। मेरठ में यह 95.47 रुपये और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो हो गई है।
इससे पहले मई में भी दिल्ली-NCR में CNG की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई थी। सिर्फ 11 दिनों के अंदर CNG के दाम 6 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए थे। 26 मई को CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में CNG की कीमत 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो हो गई थी। वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में CNG का नया रेट 88.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था।




