सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। जिले में एक भाजपा नेता और पार्षद से जुड़ा हाई-वोल्टेज विवाद इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि पार्षद देर रात एक विवाहित महिला के घर गए थे और करीब चार घंटे बाद बाहर निकले। इसी दौरान महिला के पति और उसके परिजनों ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई। इस पूरी घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पार्षद अपना मुंह छिपाकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
महिला के पति द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, पार्षद रात करीब 10:30 बजे उसकी पत्नी के साथ घर पहुंचे थे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। पति का दावा है कि घर के भीतर से संदिग्ध आवाजें सुनाई देने पर उसने बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी और तुरंत पड़ोसियों व पुलिस को इसकी सूचना दी।
चार घंटे बाद बाहर निकले पार्षद, हुई हाथापाई
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद अंदर से दरवाजा नहीं खुला। शिकायतकर्ता पति के मुताबिक, करीब चार घंटे बाद रात लगभग 2:20 बजे जब पार्षद घर से बाहर निकले, तो वहां पहले से मौजूद पति और उसके भाई ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प और मारपीट हुई, जिसके बाद पार्षद किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकले।
पति-पत्नी के बीच पहले से चल रहा है विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में पति ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसका अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है और यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर संबंधित पार्षद और महिला की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच और सभी पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




