रायपुर, 7 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना कैंप थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया के जरिए एक युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है । अज्ञात आरोपियों द्वारा अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर युवती की तस्वीरों पर अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक संदेश भेजे जा रहे थे।
गाली-गलौज और झूठे आरोप
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने न केवल संदेशों में अभद्र भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया, बल्कि सामाजिक रूप से उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए उसके खिलाफ कथित तौर पर कई गलत और झूठे आरोप भी लगाए। लगातार मिल रहे इन संदेशों से परेशान होकर युवती ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे डिजिटल साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए माना कैंप थाना पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के अज्ञात संचालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से इन संदिग्ध अकाउंट्स को संचालित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही, आरोपियों तक पहुंचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों और आईपी एड्रेस को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है । पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



