अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव गुरुवार सुबह अचानक एक अलग अंदाज में नजर आए। वे शहर की सफाई व्यवस्था का जमीनी जायजा लेने के लिए खुद हेलमेट लगाकर स्कूटी चलाते हुए निकल पड़े। डिप्टी सीएम को इस तरह अचानक अपने बीच पाकर नगर निगम प्रशासन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। साव ने स्कूटी से शहर के अलग-अलग इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस औचक निरीक्षण के दौरान उनके साथ अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति और निगम के तमाम आला अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
सत्तिपारा में कचरे का ढेर देख जताई नाराजगी
निरीक्षण करते हुए डिप्टी सीएम जब सत्तिपारा इलाके में पहुंचे, तो वहां की बदहाली देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इलाके में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे और स्थानीय तालाब में भारी गंदगी पसरी हुई थी। इस अव्यवस्था को देखकर उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि नियमित रूप से सफाई क्यों नहीं हो रही है और इसकी जवाबदेही किसकी है।
सवालों के घेरे में नगर निगम प्रशासन
डिप्टी सीएम अरुण साव का यह औचक निरीक्षण शहर की सफाई व्यवस्था की असली जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सत्तिपारा जैसे रिहायशी इलाके में कचरे के अंबार और तालाब की दुर्दशा सामने आने के बाद अब नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस औचक निरीक्षण के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।



