Homeछत्तीसगढजशपुर के कंवर धाम में भक्तिमय माहौल: सीएम विष्णु देव साय ने...

जशपुर के कंवर धाम में भक्तिमय माहौल: सीएम विष्णु देव साय ने पत्नी संग बजाया मंजीरा, 62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता का ऐलान

जशपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला (कंवर धाम) में ईब नदी के तट पर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं संग भक्ति में डूबे मुख्यमंत्री, 62 मंडलियों को मिली बड़ी सौगात
कार्यक्रम के दौरान एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री श्री साय और श्रीमती कौशल्या साय श्रद्धालुओं एवं कीर्तन मंडलियों के साथ जमीन पर बैठकर मंजीरा बजाते हुए भजन-कीर्तन में लीन हो गए। भगवान के भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने हेतु शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की बड़ी घोषणा की।

गौरतलब है कि कंवर धाम में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के उपलक्ष्य में प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन चल रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।

परोपकार ही सबसे बड़ा धर्म, लोक संस्कृति हमारी धरोहर
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों की सेवा और परोपकार में ही निहित है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। सीएम साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक विधाओं जैसे कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़े रखना हम सभी का दायित्व है।

जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि
जिले के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे अब आदिवासी और दूरस्थ अंचल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments