आवाम दूत | तिल्दा-नेवरा
कहते हैं, हौसले बड़े हों तो छोटा गांव भी बड़ा नाम कर देता है। ऐसा ही कर दिखाया है ग्राम पंचायत खम्हरिया की चार होनहार बेटियों ने। ममता वर्मा, एकता वर्मा, डाली वर्मा और भूमिका वर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और जज्बे से पूरे क्षेत्र का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
बनारस में चला बेटियों का जादू
बनारस में आयोजित महिला ईस्ट जोन यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इन बेटियों ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि विरोधी टीमें भी देखती रह गईं। एक के बाद एक मैच जीतते हुए टीम ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब ये बेटियां पूरे देश के सामने अपना हुनर दिखाएंगी।
12 में से 4 खिलाड़ी एक ही गांव की!
इस उपलब्धि की सबसे खास बात ये है कि टीम में शामिल कुल 12 खिलाड़ियों में से 4 खिलाड़ी सिर्फ खम्हरिया गांव की बेटियां हैं। मतलब एक ही गांव ने टीम की एक तिहाई ताकत संभाल रखी है। ये अपने आप में बड़ी बात है।
गांव में जश्न का माहौल, बधाईयों की बाढ़
खबर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल छा गया। गांव के लोग, परिजन, शिक्षक, सरपंच और जनप्रतिनिधि सभी बेटियों को बधाई दे रहे हैं। हर किसी की जुबान पर बस एक ही बात है – “हमारी बेटियों ने कमाल कर दिया!”
बेटियां बोलीं – अभी तो शुरुआत है
बेटियों का कहना है कि ये तो सिर्फ शुरुआत है। उनका सपना है कि ऑल इंडिया में भी मेडल जीतकर अपने गांव, जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
आवाम दूत की ओर से चारों बेटियों को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं!



