रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने राज्य में स्पेशल एजुकेटर के कुल 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो रही है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
कैसे और कहां करें आवेदन?
विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आवेदन ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पत्र व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर या पंजीकृत डाक (Registered Post) के जरिए जमा कर सकते हैं।
आवेदन पत्र नीचे दिए गए पांच संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा संभाग) कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे:
- रायपुर
- बिलासपुर
- दुर्ग
- बस्तर
- सरगुजा
सभी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य जगह जमा किए गए या अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
एक ही आवेदन होगा सभी संभागों के लिए मान्य
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पष्ट किया है कि उन्हें प्रत्येक जिले या संभाग के पदों के लिए अलग-अलग फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। अभ्यर्थी द्वारा जमा किया गया एक ही आवेदन पत्र राज्य के सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा।
यहां देखें विस्तृत जानकारी
भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अन्य शर्तें और आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध करा दिया गया है। विभाग ने यह भी साफ किया है कि आवेदन अमान्य होने की स्थिति, मेरिट सूची और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आगामी सूचनाएं केवल वेबसाइट पर ही जारी की जाएंगी और इसके लिए अलग से कोई पत्र व्यवहार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।



