Homeछत्तीसगढजमशेदपुर गोलीकांड: बिंदल मॉल फायरिंग मामले में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से 4...

जमशेदपुर गोलीकांड: बिंदल मॉल फायरिंग मामले में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से 4 आरोपित गिरफ्तार

अंबिकापुर, 29 सितम्बर 2026: झारखंड के जमशेदपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई 11 राउंड अंधाधुंध फायरिंग के मामले में फरार चल रहे चार आरोपितों को छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। झारखंड पुलिस से मिले इनपुट के बाद सरगुजा (अंबिकापुर) पुलिस ने रविवार रात मणिपुर थाना क्षेत्र में सख्त नाकेबंदी कर एक अर्टिगा कार में सवार चारों आरोपितों को धर दबोचा।

शनिवार को मॉल के रेस्टोरेंट में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के ‘उडुपी रेस्टोरेंट’ में बाइक सवार बदमाशों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस जानलेवा हमले में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जमीन और रेलवे ठेकेदारी का विवाद बनी वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व की जंग को बताया जा रहा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान रमेश कुमार, मनोज उर्फ मंटू सरकार, दीपू ओझा और शंकर मुंडा के रूप में हुई है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद कार से छत्तीसगढ़ की ओर भाग निकले थे।

ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड ले गई पुलिस
अंबिकापुर पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना पर झारखंड पुलिस तत्काल अंबिकापुर पहुंची। स्थानीय मणिपुर थाना पुलिस द्वारा आरोपितों की मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद झारखंड पुलिस चारों आरोपितों को लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments