नई दिल्ली। शादी-बारात, तीर्थयात्रा, एजुकेशनल टूर या खेल प्रतियोगिताओं के लिए बड़ी संख्या में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब ग्रुप रिजर्वेशन में एक साथ बुक की जाने वाली बर्थ की अधिकतम संख्या पर कोई तय सीमा नहीं रहेगी।
प्रमुख बदलाव और नियम:
- सीटों की कोई सीमा नहीं: बड़े समूह अब अपनी आवश्यकता के अनुसार एक साथ कितनी भी बर्थ बुक करा सकेंगे, जिससे उन्हें अलग-अलग टिकट लेने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
- स्थानीय अधिकारियों को मिला अधिकार: अब ग्रुप बुकिंग की अनुमति देने का अधिकार चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को भी सौंप दिया गया है। ये अधिकारी यात्रियों की संख्या, यात्रा के उद्देश्य और आवेदन की जांच कर मौके पर ही अनुमति दे सकेंगे।
- सुबह 9 बजे से लिए जाएंगे आवेदन: दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रमुख रिजर्वेशन केंद्रों पर ग्रुप बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे। यह समय सामान्य एडवांस रिजर्वेशन शुरू होने के एक घंटे बाद रखा गया है, ताकि टिकट काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
किन यात्रियों को होगा सीधा फायदा?
रेलवे के इस कदम से शादी या बारात में जाने वाले परिवारों, धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले श्रद्धालुओं, स्कूल-कॉलेज के शैक्षणिक भ्रमण (टूर), खेल टीमों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले बड़े दलों को सीधा लाभ मिलेगा।
दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त निर्देश
रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य केवल वास्तविक ग्रुप यात्रा को सुगम बनाना है। किसी भी व्यक्ति या एजेंट को निजी स्वार्थ के लिए बड़ी संख्या में सीटें या बर्थ आरक्षित कराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।



