Homeछत्तीसगढमहानदी जल विवाद सुलझाने की दिशा में बड़ी पहल: छत्तीसगढ़ और ओडिशा...

महानदी जल विवाद सुलझाने की दिशा में बड़ी पहल: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के बीच दिल्ली के बाद अब पुरी में होगी चर्चा

छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच साल 1983 से चला आ रहा महानदी जल बंटवारा विवाद अब जल्द ही सुलझ सकता है। इस दिशा में दोनों राज्यों के बीच सकारात्मक बातचीत का दौर शुरू हो चुका है। हाल ही में देश की राजधानी दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ-साथ दोनों राज्यों के उच्च अधिकारियों की एक अहम बैठक हुई थी। इस उच्च स्तरीय बैठक में इस जटिल मुद्दे को सीडब्ल्यूसी (Central Water Commission) को सौंपने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री साय ने भरोसा जताया है कि बहुत जल्द इस पुराने विवाद का एक स्थाई और सकारात्मक समाधान निकाल लिया जाएगा।

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अपने इस प्रवास के दौरान वे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात करेंगे और महानदी जल विवाद समेत विभिन्न द्विपक्षीय विषयों पर आगे की चर्चा करेंगे। इसके साथ ही सीएम साय पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में जहां-जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार होना तय रहता है, और यही हाल अब इंदौर और पूरे मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस का होने वाला है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments