Homeछत्तीसगढछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर: भिलाई औद्योगिक क्षेत्र की गद्दे...

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर: भिलाई औद्योगिक क्षेत्र की गद्दे और फोम फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

दुर्ग/भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहाँ करुणा अस्पताल के पीछे स्थित ‘जगदंबा इंडस्ट्रीज’ नामक गद्दे और फोम से बने फर्नीचर बनाने वाली फैक्ट्री में आज सुबह अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, दीवार तोड़कर बुझाने का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुचीं. आग की भयावहता को देखते हुए जिला दमकल विभाग, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) और जामुल से करीब 4 से 5 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया है. फोम और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है. राहत कार्य में जुटी टीम को फैक्ट्री के पीछे की दीवार तोड़कर भी अंदर पानी बौछार करने का प्रयास करना पड़ रहा है.

लाखों रुपये के माल सहित कई गाड़ियां जलकर खाक
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री के भीतर रखा भारी मात्रा में तैयार माल और कच्चा सामान जलकर राख हो गया है. इसके साथ ही परिसर में खड़ी 2 से 3 चार पहिया गाड़ियां (फोर व्हीलर) भी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई हैं. फैक्ट्री संचालक को इस हादसे में लाखों रुपये के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, नुकसान के सटीक आंकड़ों का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो पाएगा.

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और प्राथमिकता सबसे पहले आग पर पूरी तरह काबू पाने की है.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments