Homeछत्तीसगढछत्तीसगढ़ के धान किसानों को बड़ी राहत: खसरा मैपिंग और फसल विसंगति...

छत्तीसगढ़ के धान किसानों को बड़ी राहत: खसरा मैपिंग और फसल विसंगति दूर करने के सख्त निर्देश, 30 नवंबर तक होगा भौतिक सत्यापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के पात्र किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी तरह की तकनीकी या रिकॉर्ड संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों को खसरा मैपिंग और फसल विसंगतियों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने इस संबंध में संयुक्त रूप से आदेश जारी किए हैं। यह कदम मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर 2026 को हुई धान खरीदी तैयारी बैठक के निर्देशों के तहत उठाया गया है।

15 जनवरी तक चलेगी खसरा मैपिंग की प्रक्रिया
अक्सर तकनीकी कारणों से कई किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में तो दर्ज होते हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं देते। इस समस्या को हल करने के लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का नया विकल्प दिया गया है। कलेक्टरों को समितियों के माध्यम से ऐसे सभी लंबित मामलों का निपटारा करने को कहा गया है। धान खरीदी की अवधि के दौरान 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की यह सुविधा जारी रहेगी।

खेतों में जाकर होगा फसल का भौतिक सत्यापन, बनेगा पंचनामा
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) के दौरान जिन खसरों में गलती से दूसरी फसल दर्ज हो गई है, जबकि किसान ने वहां वास्तविक रूप से धान बोया है, उनका अब मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा, जो खसरे डीसीएस और पीवी ऐप दोनों में छूट गए थे, उनका भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से सत्यापन कराया जाएगा।

सत्यापन दल खेतों में जाकर राजस्व अभिलेखों का मिलान करेगा और फसल के वास्तविक रकबे की जांच करेगा। हर संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा और सबूत के तौर पर खेत की फसल के फोटोग्राफ भी रिकॉर्ड में संलग्न किए जाएंगे।

30 नवंबर तक हर हाल में पूरी करनी होगी प्रक्रिया
शासन ने निर्देश दिया है कि खेतों के भौतिक सत्यापन के बाद सही और अपडेट की गई जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर सक्षम अधिकारी से अनुमोदित कराई जाए। फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए यह सत्यापित डेटा 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। सरकार के इस फैसले से वास्तविक धान उत्पादक किसानों को बिना किसी बाधा के समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments