Homeछत्तीसगढविधानसभा में जल जीवन मिशन पर सरकार पर उठे सवाल! विधायक बोले-...

विधानसभा में जल जीवन मिशन पर सरकार पर उठे सवाल! विधायक बोले- नल लगे हैं, लेकिन पानी नहीं आ रहा, डिप्टी सीएम बोले, जांच करायेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन जल जीवन मिशन (JJM) को लेकर सरकार को सदन में सवालों का सामना करना पड़ा। भाजपा विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कोरिया जिले में पाइपलाइन और पानी टंकी निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई गांवों में काम पूरा दिखाया जा रहा है, लेकिन लोगों को अब तक पानी नहीं मिल रहा है।

जवाब में उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बताया कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत कुल 928 पानी की टंकियों का निर्माण स्वीकृत है। इनमें 751 टंकियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि 177 टंकियों का निर्माण अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का काम पूरा हो गया है, वहां पानी की आपूर्ति भी शुरू की जा रही है।

सरकार के जवाब से असंतुष्ट विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और है। कई गांवों में नल और टोटियां तो लगा दी गई हैं, लेकिन उनमें पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही है। उन्होंने सरकार से इन योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की।

इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यदि कहीं भी इस तरह की शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी। जहां पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, वहां आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाएगा।

जल जीवन मिशन को लेकर सदन में हुई इस चर्चा के दौरान सरकार ने योजनाओं की प्रगति का ब्यौरा दिया, वहीं विपक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments