राजनांदगांव। जिले के छुरिया नगर में प्रशासन ने एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक और उससे जुड़ी मेडिकल शॉप पर छापामार कार्रवाई की। SDM अनिकेत साहू के नेतृत्व में BMO और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिकायत के बाद औचक जांच की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट की दवाइयां, इंजेक्शन और मेडिकल सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है।
बिना लाइसेंस चल रहा था क्लिनिक
जांच के दौरान अधिकारियों के मुताबिक कथित झोलाछाप डॉक्टर उज्वल विश्वास क्लिनिक में मरीज का इलाज करते हुए मिला। टीम ने क्लिनिक के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
क्लिनिक में बच्चों और बड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं के अलावा इमरजेंसी में उपयोग होने वाली दवाइयां, इंजेक्शन और अन्य मेडिकल सामग्री भी मिली। अधिकारियों ने कई दवाओं को एक्सपायरी डेट का बताया।
गंभीर हालत में मिली महिला, स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती
छापेमारी के दौरान क्लिनिक में एक महिला का इलाज किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार महिला की हालत गंभीर थी। स्थिति को देखते हुए SDM और BMO ने तत्काल महिला को अपने वाहन से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कराया गया।
मेडिकल शॉप में भी नहीं मिला फार्मासिस्ट
जांच के दौरान क्लिनिक से जुड़ी मेडिकल शॉप में भी नियमों के पालन को लेकर गंभीर खामियां मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक दुकान पर कोई फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था और संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी मौके पर नहीं मिले।
इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक और मेडिकल शॉप को सील कर दिया।
SDM बोले- लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
SDM अनिकेत साहू ने कहा कि क्लिनिक और मेडिकल शॉप के अवैध रूप से संचालित होने की जानकारी जांच में सामने आई है। बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट की दवाइयां भी मिली हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की जान और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छुरिया में हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे प्रतिष्ठानों को लेकर सवाल उठे हैं। प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




