Homeछत्तीसगढदामाद ने बेटी संग मिलकर ससुर को उतारा मौत के घाट, वजह...

दामाद ने बेटी संग मिलकर ससुर को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर पुलिस दंग..

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटी और उसके पति पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, बाइक की किस्त चुकाने के लिए पैसों को लेकर हुए विवाद में दोनों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर और मारपीट कर पिता की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए घटनास्थल पर पड़े खून के धब्बों को गोबर से लीपकर छिपाने की भी कोशिश की गई।

दामाद के घर के बरामदे में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को बांसाझाल बालापानी निवासी लोहर साय कोरवा का शव उसके दामाद के घर के बरामदे में मिला था। सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतक की बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा से पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि मृतक बाइक की किस्त भरने के लिए लगातार पैसों की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर दोनों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

गोबर से मिटाने की कोशिश की वारदात की निशानियां

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने घटनास्थल पर पड़े खून के धब्बों को गोबर से लीप दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें और मामला सामान्य मौत जैसा लगे।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

बतौली थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments