रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 17 से 21 दिसंबर तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना न तो छुट्टी ले सकेगा और न ही मुख्यालय छोड़ सकेगा।
14 से 17 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र
प्रदेश की छठवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें सदन की कुल चार बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के दौरान विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के जवाब समय-सीमा के भीतर तैयार करने के उद्देश्य से विभाग ने यह विशेष व्यवस्था लागू की है।
छुट्टियों में भी खुले रहेंगे दफ्तर, नोडल अधिकारी होंगे तैनात
विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के दिनों में भी कार्यालयों में आवश्यक कामकाज सुचारू रूप से जारी रहेगा। इसके लिए प्रत्येक कार्यालय में एक जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की ड्यूटी लगाना अनिवार्य होगा, जो फोन कॉल और जरूरी पत्राचार का प्रबंधन करेगा। विधानसभा के प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचना, स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल से जुड़े मामलों के जवाब तय समय पर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, सभी नगरीय निकायों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर संचालनालय को भेजने को कहा गया है।
डिजिटल कार्यवाही के लिए NeVA का प्रशिक्षण पूरा
दूसरी ओर, विधानसभा की कार्यवाही को पूरी तरह डिजिटल बनाने की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बीते 3 और 4 नवंबर को अधिकारियों को नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इसमें प्रश्न, समिति और एडमिन मॉड्यूल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। अब सत्र के दौरान विभागीय अधिकारियों की सतर्कता और समय पर जवाब प्रेषित करने की प्रक्रिया पर शासन की खास नजर रहेगी।




