जशपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ है। फेसबुक पर की गई इस विवादित पोस्ट को लेकर हिंदू संगठनों के भारी विरोध के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
‘रावण नहीं, ऋषि-मुनियों को जलाओ’ लिखने पर भड़का आक्रोश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक हेमंत कुमार बेदी ने फेसबुक पर एक विवादित पोस्ट साझा की थी, जिसमें कथित तौर पर लिखा था कि “रावण को नहीं, ऋषि-मुनियों को जलाओ”। इस पोस्ट के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।
विहिप (VHP) की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिक्षक की इस फेसबुक पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं, जिससे क्षेत्र का धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना और समाज में वैमनस्य फैलाना) के तहत मामला दर्ज किया।
भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
थाना प्रभारी भूपेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस जब आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मुस्तैदी से धर दबोचा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।



