रायपुर: एक तरफ दिवाली के त्योहार पर पुलिस यातायात और कानून-व्यवस्था संभालने में जुटी रही, वहीं दूसरी तरफ अज्ञात चोरों ने तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने लाभांडी स्थित एक शराब दुकान को निशाना बनाते हुए वहां से अंग्रेजी शराब की करीब 80 महंगी बोतलें पार कर दीं।
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात का पता तब चला जब दुकान के कर्मचारी काम पर पहुंचे। कर्मचारियों ने जैसे ही दुकान का ताला खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और स्टॉक का मिलान करने पर अंग्रेजी शराब की लगभग 80 महंगी बोतलें गायब मिलीं।
घटना की सूचना तुरंत तेलीबांधा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।



