रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे से लौटने के बाद रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और दिल्ली प्रवास को लेकर जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक दिन के दिल्ली प्रवास पर थे। उन्होंने बताया कि पिछली बार दिल्ली जाने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात नहीं हो पाई थी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें मुलाकात का समय दिया था और रात में दोनों की सौजन्य भेंट हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी।
प्रदेश प्रभारी बदलने की चर्चा पर बोले CM
प्रदेश भाजपा प्रभारी बदलने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी हैं। अब उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ में कोई न कोई संगठन प्रभारी निश्चित रूप से रहेगा।
चार नगर निगम चुनावों में बीजेपी की जीत का दावा
प्रदेश में चार नगर निगमों में होने वाले चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन का काम सभी जगह अच्छा चल रहा है। आने वाले समय में जहां भी चुनाव होंगे, वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी जीत मिलेगी।
नेपाल में बाढ़ को लेकर जताई चिंता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ का भारी कहर है और इस आपदा में देश व छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की भी खबरें सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। उन्होंने बताया कि सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं। जिन लोगों को किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता होगी, वे इन नंबरों पर जानकारी दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निश्चित रूप से जरूरतमंदों की सहायता करेगी।




