आवाम दूत | भोपाल/सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशीबाई जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।
जानकारी के अनुसार 76 वर्षीय काशीबाई जी पिछले एक सप्ताह से सांस संबंधी बीमारी के चलते भोपाल AIIMS में भर्ती थीं, जहां आज शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
शिवराज सिंह चौहान जी की सगी माताजी सुंदरबाई जी का बचपन में ही निधन हो गया था, इसके बाद उनके पिताजी प्रेम सिंह चौहान जी ने काशीबाई जी से विवाह किया था। काशीबाई जी ने ही शिवराज जी सहित पूरे परिवार का लालन-पालन कर मां की भूमिका निभाई।
आज दोपहर 3 बजे जैत में अंतिम संस्कार –
पार्थिव देह आज सुबह 11 से 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास 9-बी में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई, इसके बाद पार्थिव शरीर को गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर ले जाया जाएगा जहां दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार होगा।
केंद्रीय मंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। उन्होंने X पर भावुक पोस्ट में लिखा – “आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं।”
आवाम दूत परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि, बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।



