आवाम दूत | पलारी/बलौदाबाजार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा 31 अक्टूबर को नरदहा स्थित बहुउद्देशीय भवन में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के केंद्रीय पदाधिकारियों एवं राज प्रधानों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए नरदहा स्थित भवन में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोइराम कश्यप की अध्यक्षता में केंद्रीय पदाधिकारियों एवं राज प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयंती समारोह की तैयारियों, अतिथियों के स्वागत, कार्यक्रमों के संचालन तथा सामाजिक सहभागिता को लेकर चर्चा की गई।
केंद्रीय अध्यक्ष ने दी जानकारी –
केंद्रीय अध्यक्ष खोइराम कश्यप ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समाज के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। 31 अक्टूबर, शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम में बहुउद्देशीय भवन के नवनिर्मित सभा कक्ष एवं अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन होगा। वहीं डॉ. खूबचंद बघेल शिक्षण समिति के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर स्वामी आत्मानंद विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोइराम कश्यप अध्यक्षता करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्व एवं उच्च शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के मंत्री टंकराम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा को विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
केंद्रीय मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा ने बताया कि समाज की ओर से सभी सामाजिक प्रतिनिधियों एवं स्वजातीय बंधुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।




