छत्तीसगढ़

प्रदेश में प्रेम की धरती है, लेकिन भाजपा नफरत की फसल उगा रही है: मुख्यमंत्री

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के थूक वाले बयान को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह प्रेम की धरती है। यहां प्रेम बांटा जाता है, लेकिन भाजपा के लोग यहां नफरत की फसल उगा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने पुरंदेश्वरी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे कह रही हैं कि भाजपा के कार्यकर्ता पीछे मुड़ के थूक दे तो सरकार बह जाएगी।

सीएम बघेल ने कहा कि मैं बहुत विनम्रतापूर्वक कहता हूं कि यह धरती माता कौशिल्य, सबरी और मिनी माता की धरती है। यहां नारी के प्रति सम्मान व समानता का भाव रखा जाता है। यहां पर्दा प्रथा नहीं है। बेटी- बहू रात में भी बड़े आराम से घुम फिर सकती हैं। यहां नारियों का सम्मान रहता है। इसलिए मैं पुरंदेश्वरी के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा के प्रभारी जब आए थे तब उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उनका किसान होना हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है। भाजपा राज्य में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश के सभी वर्ग के लोग मानते हैं कि यह उनकी सरकार है। अब इनके पास कुछ नहीं रह गया है इसलिए नफरत फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस करतूत का हमारा संगठन प्रजातांत्रित तरीके से विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि उनको ऐसी सोच मुबारक, लेकिन छत्तीसगढ़ियों और किसानों से इस नफरत भरे बयान के लिए भाजपा माफी मांगे। भाजपा सावरकर की अनुयायी है, जो अंग्रेजों के अनुयायी थे। वह भी फूट डालकर सत्ता हासिल करना चाहती है।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़िया होना स्वाभिमान और किसान होना उससे बड़े गर्व की बात है। भाजपा ने अपने चिंतन शिविर में इस बात की चिंता नहीं की कि नगरनार स्टील प्लांट बिक रहा है। नक्सलवाद पर कोई चर्चा नहीं की। भाजपा का यह बयान उनकी नफरत की पराकाष्ठा को प्रकट करता है जो अक्षम्य है।

वहीं, वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि आकाल के हालात हैं, उसकी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना की वजह से पूरे देश में महामारी अधिनियम लागू है। ऐसे में थूकना दंडनीय अपराध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button