छत्तीसगढ़

प्रदेश में भाजपा में कट रही सबकी टिकट, रमन भी खतरे में : सीएम बघेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली प्रवास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने टिप्पणी की, तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करारा पलटवार किया। अपनी विधानसभा पाटन के सेलूद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि डा. रमन के पास कोई काम नहीं रह गया है। पार्टी में उन्हें कोई पूछ नहीं रहा है। उनकी बात का जवाब देने लायक नहीं समझा जा रहा है। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने भी पूर्व मुख्‍यमंत्री रमन सिंह को नकार दिया है।

सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा में नए चेहरों की तलाश को लेकर पूछे सवाल पर एक बार फिर पूर्व मुख्‍यमंत्री डा. रमन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में सबकी टिकट कटने वाली है। रमन सिंह की भी टिकट खतरे में है। वो अपने बेटे अभिषेक सिंह को भी टिकट नहीं दिला पाए थे। दरसअल, पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी सीट पर नए उम्मीदवार उतारे थे, जिसके कारण डा. रमन के बेटे और राजनांदगांव से सांसद रहे अभिषेक सिंह की भी टिकट कट गई थी।

सीएम बघेल ने कहा कि रमन सिंह खयाली पुलाव न बनाएं। उन्हें दूसरे के घर में तांक-झांक करने का कोई अधिकार नहीं है। वो अपनी पार्टी में अपनी स्थिति देखें। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान डा. रमन के बयान को याद करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि डा. रमन सिंह की वो बातें याद आ रही हैं, जब वो कहते थे कि भूपेश बघेल सुबह तैयार होकर मीडिया से बात करते हैं और उनके पास कोई काम नहीं है। आज यह बात रमन सिंह पर लागू हो रही है।

सिंहदेव के चेहरे पर दिखती है आशा: रमन
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री किसी को कुछ बताते नहीं हैं। पूछने पर कहते हैं कि मुझे बोलने से मना किया गया है। उनकी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से क्या बात होती है, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। सब अनुमान लगाते रहते हैं कि कब क्या होने वाला है, लेकिन उनके चेहरे को देखकर लगता है कि वह बड़े आशान्वित हैं।
परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया दिल्ली: सिंहदेव
मंत्री टीएस सिंहदेव सोमवार सुबह दिल्ली रवाना हुए।

सिंहदेव ने कहा कि वे परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली आए हैं। दिल्ली में कांग्रेस के आला नेताओं और राहुल गांधी से कोई मुलाकात का कार्यक्रम नहीं है। दिल्ली में मीडिया ने जब उनसे सवाल किया कि क्या छत्तीसगढ़ में सब ठीक चल रहा है तो उन्होंने सधे अंदाज में कहा कि हां, वहां सबकुछ ठीक है। आपको कुछ गड़बड़ नजर आ रहा है क्या। बताया जा रहा है कि वे अपनी बहन आशा देवी का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button