छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य बने बिलासपुर के संयुक्त कलेक्टर, दी गई भावभीनी विदाई

रायपुर। रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त रहे पुलक भट्टाचार्य का तबादला राज्य शासन ने बिलासपुर कलेक्टोरेट में संयुक्त कलेक्टर के पद पर किया गया। शुक्रवार को निगम मुख्यालय भवन के सामान्य सभा सभागार में दो साल चार महीने तक निगम में अपर आयुक्त रहे पुलक भट्टाचार्य को भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि समाज में व्यक्ति के कार्य का सबसे अधिक सम्मान होता है। पुलक जी की पहचान उनके कार्य की वजह से है।

कोरोना संकटकाल में निगम ने अग्रणी भूमिका निभाई। इसमें पुलक भट्टाचार्य का काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोरोना से मृत लोगों के अंतिम संस्कार का जब अवसर आया तो मारवाडी श्मशानघाट में तीन हजार लोगो ने पुलक भट्टाचार्य को घेर लिया था, उन्होने उनकी समस्या का समाधान कर अंत्येष्ठि करवाने का दायित्व पूरा किया। उनके नेतृत्व में निगम ने इस साल रिकार्ड 160 करोड़ रूपये का राजस्व अर्जित किया।

महापौर ने कहा कि वे चाहते थे कि भट्टाचार्य रायपुर नगर निगम में सेवाएं देते रहें। उनके जाने से न्यायधानी बिलासपुर शहर में भी विकास की गंगा तेजी से बहेगी ऐसा उनके कार्यो के कारण विश्वास है।निगम आयुक्त प्रभात मलिक ने कहा कि पुलक भट्टाचार्य जैसे अधिकारी परिस्थितियों से कभी नहीं हारते, बहुत बड़ी ढाल हुआ करते हैं। उनके बिलासपुर में पदस्थ होने का काफी लाभ मिलेगा। वे समस्याओं को अपने स्तर पर सुलझा लेते थे। अगले दिन उन्हें पता लगता कि समस्या आयी थी जिसका समाधान हो गया है।

वह रात 12 बजे भी पूरी तन्मनयता से कार्य करने सदैव उपस्थित रहते थे। विदाई समारोह में एमआइसी सदस्य जितेन्द्र अग्रवाल, नागभूषण राव समेत अन्य ने भी विचार व्यक्त किया।अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, उपायुक्त अरविंद शर्मा, जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, चंदन शर्मा ने पुलक भट्टाचार्य के साथ कार्य करने के संस्मरण सुनाए।

इस मौके पर निवर्तमान अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य ने अपने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि उनका पहला कार्य रायपुर की वोटर लिस्ट बनाने का था, जो रायपुर नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से अच्छी तरह से पूरा हुआ। कोरोना काल के अत्यंत चुनौती पूर्ण समय में पूरे रायपुर नगर निगम में अच्छा कार्य किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी अद्भत कार्य किया। रायपुर नगर निगम में कार्य करना गर्व का विषय है। कार्यक्रम का संचालय सहायक राजस्व अधिकारी विवेकानंद दुबे और आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता चित्रसेन प्रधान ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button