नेशनल/इंटरनेशनल

रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज: गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रहीं, यूट्यूब से हटवाया विवादित गाना

नई दिल्ली। हरियाणा के पंचकूला में आपत्तिजनक गीत को लेकर मशहूर रैपर Badshah के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने “Tateeree” को लेकर सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।

पुलिस के अनुसार गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को पढ़ाई से दूर भागते हुए और स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया है। साथ ही गाने में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे लेकर शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया।

यह मामला साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में एफआईआर नंबर 28 (06 मार्च 2026) के तहत दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपी को पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस भेजा गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस और एक सरकारी स्कूल परिसर दिखाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं। बिना अनुमति सरकारी संपत्ति का उपयोग पाए जाने पर अतिरिक्त धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button