छत्तीसगढ़दुर्ग

जमानत के बाद घर लौटा पति, कुछ ही घंटों में पत्नी ने सिलबट्टे से ली जान, गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के भिलाई से एक चौंकाने वाली घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है, जहां लंबे समय से चल रहे विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2, दुर्गा पारा में पत्नी ने गुस्से में अपने ही पति की सिलबट्टे से हत्या कर दी।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी हीरामणी साहू 35 वर्ष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी जो इस पूरे घटनाक्रम के बीच सहमे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 19 अप्रैल को पत्नी ने जामुल थाना में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया।

हालांकि, कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जैसे ही वह घर लौटा, विवाद फिर भड़क उठा। बताया जा रहा है कि शिकायत की बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। गुस्से में पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, मृतक अक्सर शराब के नशे में घर में झगड़ा करता था और कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट करता था।

इस वजह से पत्नी पहले भी कई बार परेशान होकर शिकायत कर चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button