
रायपुर। राजधानी रायपुर में रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मंगलवार को गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मृतकों की पहचान गोलू यादव और राजू यादव के रूप में की है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रोज की तरह काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार की देर रात जब वे सरीखेड़ी के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इधर घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आये दिन होने वाले सड़क हादसों पर गहरी नाराजगी जतायी। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने इस घटना पर मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।



