
रायपुर/सूरजपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठ गए। दोनों नेताओं ने पूरी रात धरना स्थल पर बिताई।
प्रशासन से बातचीत जारी
कांग्रेस नेताओं के अनशन के बीच पुलिस प्रशासन और पार्टी पदाधिकारियों के बीच देर रात तक चर्चा चलती रही। जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने कांग्रेस की एक मांग मान ली है, जबकि अन्य मांगों पर बातचीत जारी है। सूत्रों के अनुसार दोपहर तक अनशन समाप्त होने की संभावना जताई जा रही है।
दबाव की राजनीति कर रही भाजपा: सिंहदेव
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज करवाई है। पार्टी का कहना है कि इसका उद्देश्य नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक दबाव बनाना है।
28 मई को प्रदेशभर में प्रदर्शन
मामले को लेकर कांग्रेस ने 28 मई को प्रदेशव्यापी अनशन और प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किसी एक थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस इसे लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा मुद्दा बता रही है।
एफआईआर दर्ज करने वाले थाना प्रभारी के निलंबन की मांग
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी पत्र में प्रशासन से आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाने, कांग्रेस के आवेदन पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, कथित रूप से गलत एफआईआर दर्ज करने वाले थाना प्रभारी को निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



