छत्तीसगढ़सरगुजा

बीजेपी विधायक पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, समर्थकों ने कपड़े फाड़े, थाने पहुंचा मामला…

अंबिकापुर। सीतापुर से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया है कि बीजेपी विधायक और उनकेे समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं मारपीट की इस घटना पर सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने पुलिस द्वारा घटना की जांच कर कानूनी कार्रवाई किये जाने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक सीतापुर से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी मैनपाट में निवासरत है। बताया जा रहा है कि सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को राजापुर उप तहसील कार्यालय में फाइल जमा की थी। आरोप है कि कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा था। बुधवार 27 मई को वह फिर अपने काम के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंची थी।सीमा धनकी का आरोप है कि जब उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा, तो वे नाराज हो गए।

उन्होंने कथित तौर पर कहा कि ‘तुम होती कौन हो हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली‘ जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद फाइल फेंकने और उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने की बात भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए जहां विवाद बढ़ गया। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा भी उनके साथ मौजूद थे।

तुषार मानिक के मुताबिक विधायक ने अपनी बहन के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर सवाल किया। जिस पर उन्होंने कहा कि अभद्रता नहीं की गई और फाइल पर हस्ताक्षर के लिए अगले दिन बुलाया गया है। आरोप है कि इतना कहते ही विधायक समर्थकों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी और उनके कपड़े फाड़ दिए। नायब तहसीलदार ने विधायक रामकुमार टोप्पो पर भी मारपीट का आरोप लगाया है। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव किया और नायब तहसीलदार को वहां से बाहर निकाला।

मामले की जानकारी मिलने पर सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने एसडीएम और नायब तहसीलदार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस पूरे घटनाक्रम पर कलेक्टर अजीत बसंत ने बताया कि नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। कलेक्टर से मुलाकात के बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक एसडीएम फागेश सिन्हा और अन्य राजस्व अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराने अंबिकापुर कोतवाली थाना पहुंचे। वहीं घटना के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे। विधायक की बहन की ओर से भी थाने में शिकायत की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button