गरियाबंदछत्तीसगढ़

घटारानी जंगल में शावकों के साथ बैठी मादा तेंदुए ने युवक पर किया अटैक, इलाके में दहशत

गरियाबंद। जिले के पांडुका वन परिक्षेत्र के घटारानी जंगल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर मादा तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ बैठी थी और खतरा महसूस होने पर उसने युवक पर झपट्टा मार दिया।

घटना लोटेश्वर महादेव मंदिर के पास की है, जहां ग्राम जमाही निवासी 19 वर्षीय भीखम कमार जंगल में रस्सी लेने गया था। इसी दौरान उसकी नजर मादा तेंदुए पर पड़ी, जो अपने बच्चों के साथ छांव में बैठी हुई थी। जानकारी के अनुसार, जैसे ही युवक तेंदुए के करीब पहुंचा, मादा ने इसे खतरा समझते हुए उस पर हमला कर दिया।

वन विभाग के मुताबिक, जब जंगली जानवर अपने बच्चों के साथ होते हैं, तो वे ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं और मामूली आहट पर भी हमला कर सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही बिटगार्ड मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक सहायता दी गई। 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल जाते समय विशेष सावधानी बरतें। खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां वन्यजीवों की मौजूदगी हो, वहां सतर्क रहें और अकेले अंदर न जाएं। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल में जाने से पहले सतर्क रहने की सलाह दी गई है, वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button