
अल्दा में अवैध ईंट भंडारण पर कार्रवाई, ग्रामीणों ने उठाए कई तरह के सवाल
तिल्दा नेवरा। तिल्दा से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम अल्दा में अवैध रूप से ईंट भंडारण पर राजस्व व पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई है यहां पर ग्राम अल्दा निवासी लखन लाल वर्मा के कब्जे से लगभग एक लाख ईंट जप्त किया गया, बताया गया कि उसके द्वारा अवैध रूप से एक ईंटों का भंडारण किया गया था जिसके चलते उपरोक्त कार्रवाई को गई है।
वहीं इस कार्रवाई के बाद कई तरह के सवाल उठ खड़े हुए हैं ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह भेदभाव पूर्वक कार्रवाई है, लोगों ने कहा कि तिल्दा मुख्यालय में ही अवैध रूप से कई ईंट भट्टे संचालित है जहां पर लाल ईंटों का निर्माण कर लाखों इंटों का भंडारण है, साथ ही तिल्दा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति है। तिल्दा शहर व आसपास सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लाल ईंटों का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है, तिल्दा के प्रशासनिक अधिकारी वहीं से आना-जाना भी करते हैं लेकिन आज तक उनकी नजर वहां पर नहीं पड़ी। व नागरिकों ने यह भी कहा कि तिल्दा के प्रमुख मार्गों पर बिना परमिट व बिना कागजात कई ट्रैक्टर चल रहे हैं जिनमें ऐसे लाल ईंटों की सप्लाई की जाती है परंतु किसी तरह की कोई कार्यवाही जांच पड़ताल नहीं की जाती।
वहीं पीड़ित ग्रामीण लखन लाल वर्मा ने हमसे चर्चा कर बताया कि जिस स्थान पर वह ईंट निर्माण किया है वह उनकी रजिस्ट्री जमीन है, उन्होंने बताया कि वह ईंट उनकी और कुछ ग्रामीणों की है जिसे वे घर का निर्माण करने बना रहे थे, उन्होंने कहा कि जांच में आए अधिकारियों को भी हम सभी ने मिलकर अवगत कराए कि इस मार्का की एक भी ईंट दूसरी जगह आपको नहीं मिलेगी, हम लोग इसे अपने लिए बनवा रहे है, बाहर बेचने का सवाल ही नहीं उठता, कही भी चेक कराया जा सकता है। उसने बताया कि इसके बाद भी कार्रवाई की गई। इधर ग्रामीणों ने कहा कि विभाग को ऐसे सभी स्थानों पर जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और भेदभाव के आरोप नहीं लगे।



