
सूरजपुर। सूरजपुर जिले में पंप चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते-चप्पल की माला पहनाकर घुमाने की शर्मनाक घटना समाने आयी है। बताया जा रहा है कि रामानुजनगर क्षेत्र में चोरी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने जूते-चप्पल की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं उनके हाथ और पीठ पर कथित चोरी का सामान भी लाद दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि छिंदिया गांव निवासी धनसाय और मुकेश खेती-किसानी का काम करते हैं। ग्रामीणों ने दोनों युवकों पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया।ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवकों को कथित रूप से रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके बाद गांव के लोगों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और कथित चोरी का सामान उठवाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में पहुंचा। पीड़ित युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया है। एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि पंप चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाने की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में यदि मारपीट और दुर्व्यवहार की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में भी चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसे जूतों की माला पहनाई गई थी और पत्नी के साथ गांव में घुमाते हुए मारपीट की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक सोच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



