छत्तीसगढ़दुर्ग

लव ट्रायंगल में युवक की हत्या! एक गर्लफ्रेंड से दो युवकों का बातचीत बना खूनी विवाद, 2 दोस्तों की हालत गंभीर

दुर्ग। दुर्ग जिले में लव ट्रायंगल के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक ही युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों के नाम राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात जितेश ठाकुर अपने दोस्तों के साथ केजू राइस मिल के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह एक युवती से बातचीत थी।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में जितेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। रातभर चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने इस मामले में 10 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला लव ट्रायंगल और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

युवती से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार रात फिर दोनों आमने-सामने आए और विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button